Dumka :- समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में कल्याण विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास की मरम्मत, धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान तथा अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि कल्याण आवासीय विद्यालयों के मरम्मत कार्य प्रगति पर हैं। ग्रामीण कल्याण अस्पताल, काठीकुंड के संबंध में भी उपायुक्त ने
जानकारी प्राप्त कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अवगत कराया गया कि कठिजोरिया में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय हेतु 100-बेडेड छात्रावास का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।उपायुक्त ने कल्याण गुरुकुल में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की।कल्याण गुरुकुल की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। आदिवासी संस्कृति एवं कला केंद्र योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई।
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति (2025-26) के अंतर्गत लक्ष्य के विरुद्ध 75 प्रतिशत पंजीकरण पूर्ण कर लिया गया है, जबकि पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में आवंटन के अभाव में लाभुकों को लाभान्वित नहीं किया जा सका है।साइकिल वितरण योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने रामगढ़ एवं सरैयाहाट प्रखंड के प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को शेष साइकिलों का शीघ्र वितरण योग्य लाभुकों के बीच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत पात्र लाभुकों का चयन कर उन्हें योजना से आच्छादित करना सुनिश्चित करें। बैठक में जानकारी दी गई कि पहाड़िया क्षेत्रों के लिए स्वीकृत 8 हेल्थ सब-सेंटरों में सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
पहाड़िया कल्याण विद्यालयों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी को औचक निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि विद्यालयों में शिक्षण कार्य में अनुपस्थिति पाई जाती है तो इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।बैठक में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान सहित संबंधित विभाग के अधिकारी,कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे.
Editor By -Shashi Kumar (Prime Time News Desk)











