पाकुड़: नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत गुरुवार को नगर परिषद सभागार, पाकुड़ में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान पाकुड़ नगर परिषद (वर्ग-ख) की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती शबरी पाल सहित 21 निर्वाचित वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली और नगर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई।
Repoted By :- Saroj Jha (Prime Time News)
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया कराई गई। उपाध्यक्ष पद के लिए राणा ओझा और श्रीमती रुपाली सरकार ने नामांकन दाखिल किया था। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार की देखरेख में सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से कराया गया।
मतगणना के दौरान दोनों प्रत्याशियों को 10-10 मत प्राप्त हुए, जबकि एक मत अमान्य घोषित किया गया। मतों की बराबरी होने पर प्रचलित निर्वाचन नियमों के अनुसार लॉटरी (ड्रा ऑफ लॉट्स) की प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें राणा ओझा के नाम की पर्ची निकलने पर उन्हें पाकुड़ नगर परिषद का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
परिणाम की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष राणा ओझा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित पाकुड़ शहर के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) प्रीतिलता मुर्मू, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार चौधरी, अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, कार्यपालक दंडाधिकारी गोपाल कृष्ण कुंवर सहित नगर परिषद के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षद एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ।
Editor By -Shashi Kumar (Prime Time News Desk)











