Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
शिकारीपाड़ा (दुमका) :- दुमका जिले के शिकारीपाड़ा क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में नोपहाड़–सरायबिंधा मार्ग पर अवैध रूप से सिमल प्रजाति की लकड़ी के बोटा का परिवहन करते हुए तीन मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया है। जब्त वाहनों को शिकारीपाड़ा वन परिसर में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम लगातार अवैध लकड़ी की कटाई और तस्करी पर नजर बनाए हुए है। कुछ दिन पूर्व रानीश्वर प्रखंड क्षेत्र में लकड़ी लोड कर बंगाल की ओर जा रहे एक वाहन को वनपाल ने पकड़कर कार्रवाई की थी। वहीं, इससे पहले अवैध रूप से काटी गई लकड़ी से लदे एक ट्रक को भी जब्त कर आसनबनी में रखा गया है।

वन विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। शिकारीपाड़ा के वनपाल ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, लगातार कार्रवाई के बावजूद क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाना वन विभाग के सामने एक बड़ी चुनौती है। अब देखना होगा कि विभाग का यह अभियान लकड़ी तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने में कितना कारगर साबित होता है।
प्राइम टाइम न्यूज़ – दुमका।।











