Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
साहिबगंज :- कांग्रेस पार्टी के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को मजबूती देने के लिए साहिबगंज जिले से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दिल्ली के लिए रवाना हुए। जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ट्रेन से दिल्ली का सफर शुरू किया। आगामी 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले विशाल कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
दिल्ली रवाना होने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का संकल्प लेते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बरकत खान ने कहा कि लोकतंत्र देश की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी सबसे महत्वपूर्ण आवाज है। लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की मजबूती के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का महत्वपूर्ण प्रयास है। 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में साहिबगंज जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
बरकत खान ने पार्टी एवं महागठबंधन के पदाधिकारियों, प्रखंड और पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों से भी इस अभियान को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा केवल किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि साहिबगंज से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का दिल्ली रवाना होना संगठन की एकजुटता और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के संकल्प को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करेगा।
संवाददाता – सरोज झा, प्राइम टाइम न्यूज़, साहिबगंज।











