जेटेट परीक्षा को लेकर जामताड़ा प्रशासन अलर्ट, 20 केंद्रों पर 8756 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

जामताड़ा :- झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को लेकर जामताड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। आगामी 1 नवंबर 2026 (रविवार) को जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 8756 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग सह समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं सभी केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

दो पालियों में होगी परीक्षा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया है।

मोबाइल, घड़ी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध

उपायुक्त आलोक कुमार ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, घड़ी, बैग, पर्स, बेल्ट, टोपी एवं स्कार्फ सहित प्रतिबंधित सामग्रियों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी केवल महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा ही की जाएगी।

उन्होंने प्री-फिल्ड ओएमआर शीट के वितरण में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षार्थी को उसके रोल नंबर के अनुसार ही ओएमआर शीट उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और फुटेज सुरक्षित रखने तथा पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, प्रश्नपत्रों को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम रजा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी

परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, सूचना या विधि-व्यवस्था से संबंधित शिकायत के लिए जिला प्रशासन की ओर से नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 9771969917 जारी किया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने, समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा में शामिल होने की अपील की है।

प्राइम टाइम न्यूज़ डेस्क।

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!